चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026, 26-28 जून तक सरला बिरला विश्वविद्यालय, राँची में आयोजित

झारखंड के युवा फिल्मकारों और मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में “चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026” का आयोजन आगामी 26 से 28 जून तक सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है।
यह फिल्म फेस्टिवल विशेष रूप से झारखंड के युवाओं और स्थानीय फिल्म निर्माताओं को समर्पित है। फेस्टिवल में केवल झारखंड के फिल्मकारों द्वारा निर्मित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित होगी, जिससे नए और उभरते फिल्मकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
फेस्टिवल आयोजन समिति की ओर से यह निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक चयनित फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक के लिए विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रकार की सुविधा सामान्यतः बड़े और व्यावसायिक फिल्म समारोहों में ही देखने को मिलती है। इससे दूर-दराज़ के प्रतिभागियों को भी इस आयोजन में सहज रूप से भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।
फेस्टिवल में 20 से अधिक श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा कुल पुरस्कार राशि ₹3,00,000 से अधिक होगी। यह आयोजन झारखंड के फिल्म निर्माण क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक और सम्मानजनक मंच सिद्ध होगा।
यह प्रसन्नता की बात है कि झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों में मास कम्युनिकेशन एवं फिल्म अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से इस आयोजन को लेकर अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है। कई संस्थानों के फैकल्टी सदस्य तथा पूर्व विद्यार्थी भी इस पहल को सक्रिय सहयोग और समर्थन दे रहे हैं।
चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य केवल फिल्म प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड में रचनात्मक सिनेमा संस्कृति को विकसित करना, युवाओं को सार्थक फिल्म निर्माण के लिए प्रेरित करना तथा आने वाले समय में राज्य से उत्कृष्ट फिल्मकार तैयार करना है। यह जानकारी फिल्म फेस्टिवल निर्देशक नन्द कुमार सिंह ने दी है और साथ झारखंड के सभी युवा फिल्मकारों, विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों से इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

Leave a Comment