जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों के सफल आयोजन एवं प्रभावी संयोजन के लिए प्रसिद्ध संस्था तरंग ग्रुप, हजारीबाग को जिला एवं प्रमंडल स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 की चयन प्रतियोगिता के उत्कृष्ट और सफल संयोजन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम के द्वारा संस्था के सचिव अमित कुमार गुप्ता को स्मृति चिन्ह प्रदान कर दिया गया। ज्ञात हो कि दिनांक 19 दिसंबर एवं 22 दिसंबर 2025 को स्थानीय कर्जन ग्राउंड, हजारीबाग में राष्ट्रीय युवा महोत्सव की जिला एवं प्रमंडल स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। 19 दिसंबर को हजारीबाग जिले के प्रतिभागियों के बीच चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें चयनित श्रेष्ठ टीमों ने 22 दिसंबर को प्रमंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लिया। इस प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में सात जिलों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रमंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, भाषण, चित्रकला एवं काव्य लेखन जैसी विधाएं शामिल थीं। इन विधाओं में चयनित विजेता एवं उपविजेता टीम आगामी 27 दिसंबर 2025 को रांची में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। इस भव्य एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन जिला खेल कार्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। प्रतियोगिता की निष्पक्षता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभिन्न विधाओं में विशेषज्ञ निर्णायकों की नियुक्ति की गई थी। निर्णायक मंडल में डॉ. विवेक शर्मा, कृष्ण कुमार, डॉ. आशिया फातिमा, पुष्कर कुमार पुष्प, अमित कुमार, अनुपम कुमार, रंजन कुमार दास, आर्टिस्ट टिंकु, मोहम्मद अस्लम, कुलेश्वर ठाकुर, सुनील सोनी, डॉ. सरिता सिंह, कुमार केशव, शोभा सिन्हा एवं राजकुमार वर्मा ने अपने-अपने क्षेत्र में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में झारखंड के जाने-माने अभिनेता मुकेश राम प्रजापति जिनकी लघु फिल्म “सुरुजमुखी” देश-विदेश में अपनी अहम छाप छोड़ते हुए जिले व राज्य का नाम बढ़ा रही है। टीवी सीरियल अभिनेता पृथ्वी पांडेय एवं प्रसिद्ध मिमिक्री कलाकार अमिताभ श्रीवास्तव उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी शानदार मिमिक्री एवं प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन मनस्वी पाठक के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम की प्रमुख भूमिका रही। उनके साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक उमेश ठाकुर,माय भारत के जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर,प्रधान सहायक शेखर कुमार, जिला खेल संयोजक सरोज यादव, खेल प्रशिक्षक तुलेश्वर गोप सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि, खेल प्रेमी एवं युवा उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने तरंग ग्रुप द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक एवं युवा उन्मुख कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार युवाओं को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रही है। सम्मान प्राप्त करने पर तरंग ग्रुप के सचिव अमित कुमार गुप्ता ने जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से जिले एवं राज्य स्तर पर सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।




