हजारीबाग की बेटी तेजस्वी सावंत ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 22,23 एवं 24 दिसंबर 2025 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में झारखंड की लोक संस्कृति का गौरवपूर्ण प्रदर्शन कर राज्य और जिले का नाम रोशन किया है। भुवनेश्वर स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय मेडिकल कॉलेज अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में उन्होंने झारखंडी लोक नृत्य का प्रभावशाली एकल प्रदर्शन प्रस्तुत कर देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विभिन्न देशों के मेडिकल कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण मांझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। तेजस्वी सावंत के झारखंडी नृत्य ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती से उभारा।
इसके साथ ही तेजस्वी ने गुजराती लोकनृत्य गरबा का नेतृत्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर आयोजकों एवं अतिथियों द्वारा मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। झारखंडी नृत्य और गरबा—दोनों प्रस्तुतियों को देश-विदेश से आए अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहा।
उल्लेखनीय है कि तेजस्वी सावंत की प्रारंभिक शिक्षा संत स्टीफन स्कूल, हजारीबाग से हुई। इसके पश्चात उन्होंने खपरियावां स्थित सावंत इंटर कॉलेज से आईएससी की पढ़ाई पूरी की। नीट की तैयारी के साथ मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने के बाद भी उन्होंने कला एवं संस्कृति से अपना जुड़ाव बनाए रखा। पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की लोक परंपराओं को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया।
तेजस्वी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनकी माता श्रीमती मंजू मिश्रा, पिता श्री रामकिशोर सावंत, कॉलेज प्राचार्य दीपक कुमार, नृत्य गुरु हंसराज लोहरा, शिक्षक डॉ. अनुरंजन कुमार, डॉ. गौतम कुमार, नेमचंद तुरी, मीशा भारती, बिंदु वर्मा, शंकर कुमार, श्याम सुंदर दास, किंशु कुमार, भवेश मिश्रा, प्रवीन कुमार, पूजा कुमारी, शोभा कुमारी, मनोज कुमार, आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के सचिव प्रदीप पाठक, पूर्व अध्यक्ष आकाश सुबोध, उपाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, तरंग ग्रुप के डायरेक्टर अमित गुप्ता, सीमा गुप्ता, शशि सिन्हा सहित गांव एवं जिले के गणमान्य लोगों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
तेजस्वी सावंत ने अपनी सफलता से जिला और राज्य का मान बढ़ाया है।

