
बनवासी कल्याण केंद्र द्वारा सिमरिया में निकाली गई भव्य कलश यात्रा
ग्राम चलकी से देवी मंडप तक जय भोलेनाथ के जयकारों के साथ ग्रामीणों ने लिया धार्मिक संकल्प
सिमरिया (चतरा):
बनवासी कल्याण केंद्र, चतरा के तत्वावधान में सोमवार को ग्राम चलकी से एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों ग्रामीण महिला और पुरुष गाजे-बाजे के साथ भाग लिए और पूरे उत्साह के साथ “जय भोलेनाथ”, “जय शिव शंकर” के नारे लगाते हुए जल कलश यात्रा में शामिल हुए।
चलकी जलाशय पर हुआ जल संकल्प
कलश यात्रा की शुरुआत ग्राम चलकी से हुई, जहां से श्रद्धालु स्थानीय जलाशय तक पहुंचे। जलाशय पर आचार्य चंद्रिका पाठक द्वारा सभी श्रद्धालुओं को धार्मिक संकल्प दिलाया गया। वहां से सभी श्रद्धालु कलश लेकर देवी मंडप चाडरम पहुंचे, जहां बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई।
महिलाओं के उत्थान और धार्मिक भावना जागृत करने का प्रयास
इस अवसर पर बनवासी कल्याण केंद्र चतरा के जिलाध्यक्ष कृष्ण चंद्र सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और ग्राम विकास की दिशा में भी संस्था के स्वयंसेवी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला समूहों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया जा रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने रखे अपने विचार
कलश यात्रा कार्यक्रम के दौरान जिला संगठन मंत्री दयाशंकर सिंह, महामंत्री नरदेव यादव, कोषाध्यक्ष मिथिलेश सिंह और सचिव सुरेश कुमार पाठक ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धार्मिक आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
महिलाओं की अहम भागीदारी रही
इस आयोजन को सफल बनाने में बनवासी कल्याण केंद्र की ग्राम विकास प्रमुख किरण देवी, मंडल प्रमुख सरिता देवी, उर्मिला देवी, मालती देवी, ललिता देवी सहित अन्य महिला कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।