विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा ने डॉ अविनाश कुमार को आइक्यूएसी के नए निदेशक के रूप में नियुक्त किया है। डॉ अविनाश वर्तमान में वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष भी है। पिछले ही सप्ताह डॉ अविनाश गोवा में विश्वविद्यालयों की रैंकिंग से संबंधित सम्मेलन में भाग लेकर लौटे हैं। ज्ञात हो की विश्वविद्यालय को अच्छे रैंक दिलाने में आइक्यूएसी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विश्वविद्यालय को वर्तमान में नैक (NAAC) से बी ग्रेड की प्राप्ति हुई है जिससे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा संतुष्ट नहीं है। कुलपति चाहते हैं की दोबारा विश्वविद्यालय का मूल्यांकन करवाइ जाए और इसी मूल्यांकन की तैयारी के लिए डॉ अविनाश को निदेशक का दायित्व दिया गया है। इससे पूर्व डॉ सादिक रज्जाक आइक्यूएसी के निदेशक के दायित्व में थे।
इधर डॉ सादिक रज्जाक को विश्वविद्यालय का कुलानुशासक (Proctor) नियुक्त किया गया है। इनकी नियुक्ति दो वर्षों के लिए की गई है। डॉ सादिक रज्जाक पूर्व में विश्वविद्यालय के कुलसचिव और समाजविज्ञान संकायाध्यक्ष भी रहे हैं। प्रशासन में इनकी अच्छी समझ है। प्रो मिथिलेश कुमार सिंह कलानुशासक के दायित्व में थे।
प्रो मिथिलेश कुमार सिंह को नियमित सीसीडीसी के रूप में नियुक्त किया गया है। इनका कार्यकाल 3 तीन वर्षों का होगा। यह कुछ दिनों से सीसीडीसी के प्रभार में थे। वर्तमान में प्रो मिथिलेश कुमार सिंह मानविकी के संकायाध्यक्ष के दायित्व में भी हैं। यह विश्वविद्यालय के लगभग सभी बड़े पदों पर कार्य कर चुके हैं। इस नाते इन्हें विश्वविद्यालय की कार्यशैली एवं नियमावली की अच्छी जानकारी है।
यूसेट के प्राध्यापक डॉ अरुण कुमार मिश्रा की नियुक्ति पीएम उषा के नोडल पदाधिकारी के रूप में किया गया है। इससे पहले यह पद रूसा (RUSA) समन्वयक का पद हुआ करता था। लंबे समय से इस पद पर कोई कार्यरत नहीं थे जिससे विश्वविद्यालय के कार्य प्रभावित हो रहे थे।
डॉ गंगानन्द सिंह अंग्रेजी विभाग के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। डॉ गंगानंद सिंह नैक (NAAC) के समन्वयक भी है। पूर्व में विश्वविद्यालय के सीसीडीसी भी रह चुके हैं। इनसे पहले डॉ सैयद रिजवान अहमद अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष थे। इसी प्रकार डॉ विनोद रंजन विश्वविद्यालय के डेवलपमेंट ऑफिसर बनाए गए हैं। इससे पूर्व हिंदी विभाग के डॉ राजू राम इस पद पर थे। डॉ विनोद रंजन वर्तमान में मानवविज्ञान विभाग के अध्यक्ष भी है।
