
हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर हजारीबाग एवं झारखंड का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी सपना कुमारी का समाजसेवी सह जदयू वरिष्ठ नेता राकेश गुप्ता ने स्वागत एवं विशेष सम्मान किया। इस अवसर पर राकेश गुप्ता ने सपना कुमारी को पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सपना की मेहनत, लगन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनकी सफलता यह दर्शाती है कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
उन्होंने सपना कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वह देश और राज्य के लिए और भी बड़े मुकाम हासिल करेंगी। वहीं सपना की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।






