झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं वार्षिक आम सभा (AGM) शनिवार को ओल्ड विधानसभा सभागार, सेक्टर–2, धुर्वा, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुनील सहाय ने की। इस अवसर पर संरक्षक श्री शेखर बोस, सचिव श्री उत्तम राज, कोषाध्यक्ष श्री विकास वर्मा, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) डॉ. निशिकांत पाठक, एसोसिएट एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट श्री विश्वनाथ सिंह, कार्यकारी सचिव श्री संजय कुमार, संगठन सचिव श्री संजय ठाकुर, कार्यकारिणी समिति के सदस्य तथा राज्य के सभी संबद्ध जिला वॉलीबॉल संघों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2025–26 के सचिवीय प्रतिवेदन एवं अंकेक्षित आय-व्यय विवरण (Audited Accounts) को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। साथ ही वर्ष 2026–27 के लिए लेखा परीक्षक की नियुक्ति तथा वित्तीय कैलेंडर को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक का प्रमुख निर्णय भारत सरकार की राष्ट्रीय खेल शासन एवं विकास संहिता–2025 के अनुरूप झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के संविधान में आवश्यक संशोधन करने के लिए 7-सदस्यीय संविधान संशोधन समिति के गठन का रहा। समिति में श्री सुनील सहाय (अध्यक्ष), श्री उत्तम राज, डॉ. निशिकांत पाठक, श्री संजय कुमार, श्री आशीष झा, श्री सूरज प्रकाश लाल एवं श्री संजय गुप्ता को शामिल किया गया। समिति संशोधन का प्रारूप तैयार कर कार्यकारिणी एवं आम सभा के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
आम सभा में अध्यक्ष की सहमति से अंतरराष्ट्रीय कोच सुश्री भानु प्रसाद को वरीय उपाध्यक्ष (महिला) तथा श्री पंकज तिवारी को उपाध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा की गई, जिसका सदस्यों ने स्वागत किया।
सभा ने वर्ष 2026–27 के वार्षिक खेल कैलेंडर को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान करते हुए विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी जिलों को सौंपी। इसके तहत रांची में सीनियर, देवघर/बोकारो में यूथ, गोड्डा में जूनियर, लातेहार में सब-जूनियर, दुमका में मिनी तथा पलामू में राज्य बीच वॉलीबॉल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।
बैठक के दौरान संरक्षक श्री शेखर बोस ने 12 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए “लिटिल चैंप” वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के अनुसार छोटे आकार के कोर्ट एवं कम ऊँचाई वाले नेट का उपयोग करते हुए प्रतियोगिता जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। आम सभा ने इस पहल को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
राज्य में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने एवं खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुनील सहाय की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया। समिति राज्य सरकार के सहयोग से विभिन्न जिलों में अधिक से अधिक आवासीय (Residential) एवं डे-बोर्डिंग (Day Boarding) प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करेगी।
बैठक में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, रेफरी एवं प्रशिक्षकों की क्षमता विकास, जिला स्तर पर नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खेल प्रशासन में पारदर्शिता एवं सुशासन को और सुदृढ़ बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
संरक्षक श्री शेखर बोस ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड वॉलीबॉल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए जिला संघों के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था तथा जमीनी स्तर पर प्रतिभा खोज कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुनील सहाय ने कहा कि झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन खिलाड़ियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिला संघ के साथ मिलकर राज्य में वॉलीबॉल के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेगा।
इस अवसर पर राज्य में वॉलीबॉल के विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं जिला संघों को सम्मानित भी किया गया। “शेखर बोस अवार्ड” से सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक के रूप में श्री आशीष कुमार आनंद (चक्रधरपुर) एवं श्री प्रिय रंजन सिंह (हजारीबाग), “एम. राजन पुरस्कार” से धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ, “जोगा सिंह स्मृति पुरस्कार” से श्री राजीव कुमार मिश्रा तथा लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान से पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री सुब्रत सेन को सम्मानित किया गया।
बैठक के अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन खिलाड़ियों के हितों की रक्षा, सुशासन, पारदर्शिता और राज्य में वॉलीबॉल के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।


