हजारीबाग के चंदन बनेंगे झारखंड की बुलंद आवाज, भारत मंडपम में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

Photo of author

By Mukesh Ram Prajapati

हजारीबाग जिले के कोर्रा निवासी और मेधावी इंजीनियरिंग छात्र चंदन कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है। चंदन का चयन आगामी 10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ के लिए हुआ है। इस मंच पर वे पूरे झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के नीति-निर्धारकों के समक्ष ‘आत्मनिर्भर भारत’ का विजन प्रस्तुत करेंगे।

कठिन और बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया को पार कर चंदन ने यह उपलब्धि हासिल की है। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत उन्होंने पहले डिजिटल क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद रांची में आयोजित राज्य स्तरीय राउंड में प्रभावी पीपीटी प्रेजेंटेशन दी और कड़े साक्षात्कार में अपनी तकनीकी समझ का परिचय दिया। ‘मेक इन इंडिया–मेक फॉर वर्ल्ड’ को लेकर उनकी स्पष्ट सोच और नवाचार आधारित दृष्टिकोण के चलते उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ।

चंदन कुमार, कोर्रा निवासी बबलू कुमार और नीलम देवी के सुपुत्र हैं। उनकी इस सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। पिता बबलू कुमार, माता नीलम देवी और बहन पायल कुमारी ने कहा कि चंदन की मेहनत और वैज्ञानिक सोच ने पूरे परिवार के साथ-साथ हजारीबाग को भी गौरवान्वित किया है।

अपनी सफलता पर चंदन कुमार ने कहा कि भारत मंडपम में हजारीबाग और झारखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। एक इंजीनियरिंग छात्र के रूप में उनका लक्ष्य तकनीक और नवाचार के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करना है।

चंदन की उपलब्धि से उनके कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक और सहपाठी उत्साहित हैं। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि चंदन जैसे प्रतिभाशाली युवा ही वैश्विक मंच पर नए भारत की पहचान बनाएंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

वहीं, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, हजारीबाग के जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने भी चंदन की उपलब्धि की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा उमेश कुमार, महेश कुमार, नितेश कुमार मोदी, प्रतीक भारद्वाज, सोनू स्वराज, राहुल गुप्ता, सत्यम कुमार सहित अनेक लोगों ने चंदन को बधाई दी है।

Leave a Comment