
विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) के योग केंद्र के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों ने झारखंड राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में तकनीकी अधिकारी एवं निर्णायक के रूप में अपनी सफल भूमिका निभाकर विश्वविद्यालय तथा हजारीबाग जिले का गौरव बढ़ाया है।
सत्र 2026-27 के अंतर्गत आयोजित झारखंड राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप जून माह के अंतिम सप्ताह में नेतरहाट स्थित प्रसिद्ध नेतरहाट पब्लिक स्कूल परिसर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में हजारीबाग से विनीत सिंह, सुरभी सिंह एवं राखी सिन्हा ने तकनीकी अधिकारी सह निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शुक्रवार को हजारीबाग लौटने पर दल की सदस्य श्रीमती वर्षा डे ने बताया कि तीनों अधिकारी हजारीबाग जिला योगासन स्पोर्ट्स इकाई से जुड़े हुए हैं। इनमें विनीत सिंह जिला इकाई के सचिव तथा सुरभी सिंह सह सचिव के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व पतरातू में आयोजित सात दिवसीय निर्णायक प्रशिक्षण शिविर में इन सभी ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इसके उपरांत अब ये भारत में विभिन्न स्तरों पर आयोजित योगासन प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं देने के लिए अर्ह हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि झारखंड योगासन स्पोर्ट्स को झारखंड ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त है।
प्रतियोगिता में हजारीबाग के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 28–35 वर्ष आयु वर्ग की पारंपरिक योगासन प्रतियोगिता में प्रीतम सिंह ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सब-जूनियर आयु वर्ग की कलात्मक एकल योगासन प्रतियोगिता में समीर कुमार सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि जूनियर आयु वर्ग की कलात्मक एकल योगासन प्रतियोगिता में राजकुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर हजारीबाग का नाम रोशन किया।
विश्वविद्यालय परिवार एवं हजारीबाग जिला योगासन स्पोर्ट्स इकाई ने सभी निर्णायकों और पदक विजेता खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








