
हज़ारीबाग जिले के पदमा प्रखंड की प्रतिभाशाली बेटी श्वेता भारती ने रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से जिले और झारखंड का नाम रोशन किया है। एक उभरती हुई रंगकर्मी, अभिनेत्री एवं थिएटर ट्रेनर के रूप में श्वेता ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
श्वेता भारती ने अपनी शिक्षा विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हज़ारीबाग से प्राप्त की। छात्र जीवन के दौरान उन्होंने अनेक राष्ट्रीय युवा महोत्सवों (नेशनल यूथ फेस्टिवल) में अपनी अभिनय प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अभिनय के साथ-साथ वे थिएटर प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और राष्ट्रीय स्तर पर थिएटर ट्रेनर के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।
उन्होंने कई प्रतिष्ठित रंगमंचीय प्रस्तुतियों में मुख्य अभिनेत्री (लीड एक्ट्रेस) के रूप में प्रभावशाली अभिनय किया है। श्वेता हरियाणा के सफीदों स्थित रस कला मंच रेपर्टरी में अभिनेत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वे रांची स्थित युवा रंगमंच रेपर्टरी से जुड़ी हैं, जहाँ वरिष्ठ रंगकर्मी अजय मलकानी के निर्देशन में अपनी अभिनय यात्रा को आगे बढ़ा रही हैं।
रंगमंच के साथ-साथ श्वेता ने शॉर्ट फिल्मों और विज्ञापन फिल्मों में भी अपनी सशक्त अभिनय क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने “गुल्लक”, “सूरजमुखी” सहित कई फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। हाल ही में दहेज प्रथा जैसे सामाजिक विषय पर आधारित शॉर्ट फिल्म “गुल्लक”, जिसका निर्देशन गिरिडीह के निर्देशक विकाश आर्यन ने किया है, में श्वेता भारती ने अभिनेता अशोक मांझी के साथ मुख्य भूमिका निभाई।
रांची स्थित सरला बिड़ला विश्वविद्यालय में आयोजित चित्रपट फिल्म फेस्टिवल में फिल्म “गुल्लक” को बेस्ट फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जबकि निर्देशक विकाश आर्यन को बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बाबूलाल मरांडी एवं अर्जुन मुंडा उपस्थित थे।
श्वेता भारती आज हज़ारीबाग की उन चुनिंदा युवा अभिनेत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर नाट्य एवं अभिनय के क्षेत्र में जिले और राज्य को नई पहचान दिलाई है। वे निरंतर रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।







