तेज रफ्तार कोयला वाहनों पर चतरा प्रशासन का शिकंजा, जांच अभियान में पांच वाहन जब्त
चतरा : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने तेज रफ्तार कोयला वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) महेश्वरी यादव एवं सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के नेतृत्व में संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते पाए गए पांच कोयला वाहनों को जब्त किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने कोयला परिवहन में लगे वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट तथा गति सीमा का भी निरीक्षण किया। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी।
डीटीओ महेश्वरी यादव ने स्पष्ट कहा कि जिले में संचालित सभी कोयला वाहनों को 40 किलोमीटर प्रति घंटा की निर्धारित गति सीमा का हर हाल में पालन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही एनटीपीसी केरेडारी, चट्टीबरियातू, सीसीएल आम्रपाली तथा एनटीपीसी टंडवा परियोजना प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि कोयला परिवहन में लगे सभी वाहनों के जीपीएस (GPS) का दैनिक डेटा परिवहन विभाग को उपलब्ध कराया जाए। विभाग इस डेटा के माध्यम से वाहनों की गति पर लगातार निगरानी रखेगा।
डीटीओ ने बताया कि जीपीएस डेटा के विश्लेषण के आधार पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलने वाले वाहनों की पहचान की जाएगी और ऐसे वाहनों को तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में तेज रफ्तार, लापरवाही एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा एवं सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

