ओवरलोड हाईवा ने सड़क को बना दिया मौत का रास्ता
चतरा : चतरा शहर का मुख्य प्रवेश मार्ग इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे, बारिश का भरा पानी और कोयला परिवहन में लगे ओवरलोड हाईवा से गिर रही गीली फ्लाई ऐश ने इस मार्ग को हादसों का रास्ता बना दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे हाईवा लगातार सड़क को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बाइक चालक गिरकर घायल हो चुके हैं, वहीं टोटो और अन्य छोटे वाहन भी दुर्घटना का शिकार होते-होते बचे हैं। स्थिति को और गंभीर बना रही है सड़क पर फैली गीली फ्लाई ऐश। बारिश के कारण यह कीचड़ जैसी फिसलन पैदा कर रही है, जिससे विशेष रूप से बाइक सवारों के फिसलने की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर वाहन गड्ढों में फंसने से जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से सड़क समय से पहले जर्जर हो गई है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन शहर के मुख्य प्रवेश मार्ग की बदहाल स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने उपायुक्त से मांग की है कि वे स्वयं चतरा शहर के प्रवेश मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करें, सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लें, ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा सड़क की तत्काल मरम्मत कराएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

