मनरेगा पार्क का उद्घाटन, जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश, महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों की सराहना
मयूरहंड प्रखंड में उपायुक्त कीर्तिश्री का निरीक्षण दौरा, विकास योजनाओं की हकीकत परख कर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
मयूरहंड (चतरा):- जिले की उपायुक्त कीर्तिश्री ने मंगलवार को मयूरहंड प्रखंड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं, सरकारी संस्थानों एवं महिला समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। उपायुक्त ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और कई दिशा-निर्देश भी दिए।
करमा पंचायत में मनरेगा पार्क का उद्घाटन और निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत अम्बा टांड़ स्थित मनरेगा पार्क से हुई, जिसे करीब 30 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है। उपायुक्त ने इस पार्क का औपचारिक उद्घाटन करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक मनोरंजन व रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने मौके पर उपस्थित भूमि संरक्षण पदाधिकारी को जल संचयन व टिकाऊ संरचनाओं के निर्माण की योजना तैयार करने को कहा। साथ ही पार्क तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क मार्ग बनाने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
अनजानवा जलाशय को पर्यटन केंद्र में बदलने की योजना

इसके बाद उपायुक्त मंझगांवा पंचायत अंतर्गत अनजानवा जलाशय पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह जलाशय सिंचाई, मत्स्य पालन व पर्यटन की असीम संभावनाओं से भरा हुआ है। उन्होंने जलाशय की सौंदर्यीकरण, गहरीकरण व सफाई कराने का निर्देश देते हुए इसे एक आदर्श ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बालिका विद्यालय का निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई व्यवस्था, दवा की उपलब्धता समेत चिकित्सकों की उपस्थिति की समीक्षा की। इसके पश्चात वह झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय मयूरहंड पहुँचीं, जहां उन्होंने छात्राओं के भोजन, आवास, पढ़ाई, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि बच्चियों की पढ़ाई और जीवनशैली में किसी प्रकार की बाधा न आए, यह सुनिश्चित किया जाए।
परोरिया गांव में महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण
इसके बाद उपायुक्त परोरिया उत्तरवारी गांव पहुँचीं, जहां उन्होंने JSLPS (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) द्वारा संचालित आटा चक्की, सरसों तेल इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा की जा रही इस स्वरोजगार गतिविधि की सराहना की और संबंधित पदाधिकारियों को प्रशिक्षण, विपणन, वित्तीय सहयोग की योजना बनाने का निर्देश दिया।
गाय पालन कर स्वरोजगार की मिसाल बनी राधा देवी

परोरिया में ही महिला समूह की सदस्य राधा देवी (पति – मदन यादव) से उपायुक्त कीर्तिश्री ने मुलाकात की। राधा देवी ने JSLPS से ₹2 लाख का ऋण लेकर 12 गायों से डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की है। वह रोजाना 160 लीटर दूध निकालती हैं, जिसमें से करीब 80 लीटर दूध अमूल को आपूर्ति करती हैं। उनकी मासिक आय ₹35,000 से ₹40,000 तक हो रही है। उपायुक्त ने राधा देवी को प्रेरणास्त्रोत बताते हुए सभी महिलाओं से स्वावलंबन की राह पर चलने का आह्वान किया।
अंचल व प्रखंड कार्यालय में की जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक

निरीक्षण उपरांत उपायुक्त प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुँचीं, जहां उन्होंने मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिप सदस्य, प्रमुख एवं आमजन से बातचीत की। बैठक में उन्होंने योजनाओं की रफ्तार, पारदर्शिता और शिकायतों के समाधान को लेकर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या बिचौलियों की भूमिका बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसमस्याएं सुनीं, त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
इस अवसर पर उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में उपस्थित ग्रामीणों की व्यक्तिगत शिकायतें व समस्याएं भी सुनीं और विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान का निर्देश दिया।
संवेदनशीलता और पारदर्शिता का दिया सख्त संदेश
कार्यक्रम के समापन पर उपायुक्त कीर्तिश्री ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने दोहराया कि योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है।
झारखंडी परंपरा से हुआ स्वागत

कार्यक्रम के दौरान महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने उपायुक्त को पत्ते की टोपी और पुष्पमाला पहनाकर पारंपरिक झारखंडी तरीके से उनका अभिनंदन किया।
इनकी उपस्थिति रही
निरीक्षण में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ सिमरिया सन्नी राज, एसडीओ चतरा जहूर आलम, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, कृषि पदाधिकारी निखत प्रवीण, बीडीओ मयूरहंड, जनप्रतिनिधिगण, और JSLPS के अधिकारी शामिल रहे।
+ There are no comments
Add yours