लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश, लाभुकों तक समय पर पहुंचेगा योजना का लाभ
चतरा : जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में आज उपायुक्त श्री रवि आनंद ने जिला पशुपालन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही उपस्थिति पंजी और विभिन्न अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
उपायुक्त ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने समक्ष बुलाकर उनके कार्यदायित्वों की जानकारी ली तथा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना को लेकर उपायुक्त ने विशेष रूप से सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पहुंचाया जाए।
इसके अलावा उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025–26 की लंबित एवं स्वीकृत योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा वित्तीय वर्ष 2026–27 में प्राप्त योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, अभिलेखों के अद्यतन संधारण तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित जिला पशुपालन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। फिलहाल के लिए इतना ही, ऐसे ही ताज़ा और विश्वसनीय समाचारों के लिए जुड़े रहिए झार न्यूज़ के साथ।

