कुंदा में जन्माष्टमी पर निकली भव्य कलश यात्रा: 101 कन्याओं व श्रद्धालुओं ने उठाया जल, 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन से भक्तिमय हुआ इलाका
कुंदा (चतरा): प्रखंड मुख्यालय स्थित राजा गढ़ के ऐतिहासिक राधाकृष्ण मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ भव्य कलश सह शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में 101 श्रद्धालुओं ने कलश उठाकर भाग लिया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के रंग में रंग गया।
महादेव मठ स्थित पवित्र नदी तट से हुआ जल संचयन
शोभायात्रा ऐतिहासिक राधाकृष्ण मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर कुंदा के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल महादेव मठ स्थित पवित्र नदी तट पहुंची। यहाँ मुख्य पुरोहित पंडित उदयनाथ मिश्रा एवं संजीत कुमार मिश्रा के सानिध्य में पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से जल संकल्प संपन्न कराया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर नगर भ्रमण किया और जयकारों के साथ पुनः राधाकृष्ण मंदिर पहुंचे। मंदिर प्रांगण में वैदिक ऋचाओं के बीच कलश स्थापित कर मुख्य पूजन अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया।
24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू
कलश स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ ही मंदिर प्रांगण में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन प्रारंभ हो गया है। ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ और ‘राधे-श्याम’ के महामंत्र के अनवरत गूंज से समूचा नगर क्षेत्र गुंजायमान हो उठा है। कीर्तन मंडली के पारंपरिक भजनों पर स्थानीय ग्रामीण व श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते नजर आए।
ये रहे उपस्थित
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में जन्माष्टमी पूजा समिति के अध्यक्ष सह कुंदा मुखिया मनोज कुमार साहु, सचिव संतोष यादव, कोषाध्यक्ष विशाल कुमार, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार शौण्डिक, अजित कुमार मिश्रा, लवकुश गुप्ता, गुडुल राम, नीरज वर्मा, पवन गुप्ता, हरिओम वर्मा, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
